सरकारी शराब दुकानों में कर्मचारियों के वेतन से अवैध कटौती का गंभीर मामला,युवा कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग

रायपुर।जिले की सरकारी शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन से प्रतिमाह ₹10,000/- की अवैध कटौती कर कागज़ों में पूरा भुगतान दिखाने के संगठित भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। इस विषय को लेकर युवा कांग्रेस ने जिला आबकारी अधिकारी रायपुर को ज्ञापन सौंपते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।युवा कांग्रेस अध्यक्ष उत्तर विधानसभा नवाज़ खान ने बताया कि पिछले दो माह से शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन से लगातार अवैध रूप से राशि काटी जा रही है, जबकि विभागीय रिकार्ड में पूरा वेतन भुगतान दर्शाया जा रहा है। वास्तविकता यह है कि कर्मचारियों के बैंक खातों में कम राशि जमा की जा रही है और शेष राशि का कोई हिसाब नहीं दिया जा रहा।उन्होंने आरोप लगाया कि कागज़ों में पूरा भुगतान दिखाकर बिल पास किए जा रहे हैं, जो स्पष्ट रूप से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। जब कर्मचारियों द्वारा इस कटौती के संबंध में जानकारी मांगी गई, तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी गई तथा विभाग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।युवा कांग्रेस ने मांग की है कि इस पूरे मामले की 07 दिवस के भीतर निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट की प्रति संगठन को उपलब्ध कराई जाए।नवाज़ खान ने चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा में विभाग द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस इस भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।




