पुरुष वर्ग में उत्तरप्रदेश और महिला वर्ग में राजस्थान चैंपियन


- महादेव घाट रायपुरा में 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल स्पर्धा 2026 का समापन
रायपुर। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में आयोजित 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल स्पर्धा 2026 के पुरुष वर्ग के खिताब पर उत्तरप्रदेश और महिला वर्ग में राजस्थान ने खिताब पर कब्जा जमाया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष और महिला वर्ग का फाइनल मैच खेला गया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला राजस्थान और रायपुर के बीच खेला गया। राजस्थान की टीम ने रायपुर को लगातार तीन सेटों में 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। राजस्थान की महिला खिलाड़ियों ने पूरे मैच में शानदार तालमेल, मजबूत डिफेंस और प्रभावशाली आक्रमण का परिचय दिया। मुकाबले में राजस्थान ने पहले सेट को 25-09, दूसरे सेट को 25-15 और तीसरे सेट को 25-07 से जीतते हुए एकतरफा मैच अपने नाम किया। इस तरह राजस्थान की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं रायपुर की टीम उपविजेता रही।पुरुष वर्ग का फाइनल मैच उत्तर प्रदेश और मेजबान हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब रायपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब रायपुर को 2-0 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने अनुभव, बेहतर समन्वय और आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 25-12 तथा दूसरा सेट 25-19 से जीत लिया। मेजबान टीम हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब रायपुर ने भी संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन उत्तर प्रदेश की मजबूत टीम के सामने टिक नहीं पाई और उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
*ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करता है : विधायक मिश्रा* समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में पार्षद द्वय मनोज वर्मा एवं रवि सोनकर उपस्थित रहे। इस मौके पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित भी करते हैं।
*अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया*समापन अवसर पर अतिथियों ने 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 के विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार राशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। पुरुष वर्ग और महिला वर्ग दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके आयोजन समिति के अध्यक्ष सैयद अनवर अली, संरक्षक अनुराग राठी, मंगलेश्वर सिंह, मार्तण्ड सिंह तथा सचिव रमाकांत निषाद व खेलप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
*तीन दिनों तक खेल उत्सव जैसा रहा माहौल*आयोजन समिति के अध्यक्ष सैयद अनवर अली एवं सचिव रमाकांत निषाद बताया कि तीन दिनों तक चले इस आयोजन में देश-विदेश के नामी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। पूरे टूर्नामेंट के दौरान महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में खेल उत्सव जैसा माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच, संघर्ष और उच्चस्तरीय खेल का अद्भुत अनुभव कराया। आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं और अनुशासित संचालन की भी सभी ने सराहना की। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों, खेल प्रेमियों, पदाधिकारियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




