Newsछत्तीसगढ़

रावांभाठा में चोरी का खुलासा, 6 चोर गिरफ्तार

ADs

रायपुर। राजधानी रायपुर में नकबजनी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गोदाम का शटर तोड़कर जी.आई. क्लैप और ज्वाइंट बॉक्स सहित कुल लगभग 95 हजार रुपये का सामान चोरी किया था। पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित के.वी. इंटरप्राइजेस के गोदाम का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने अंदर रखे जी.आई. मोबिल क्लैप और ज्वाइंट बॉक्स की बड़ी मात्रा चोरी कर ली है। चोरी गए सामान में करीब 2950 नग क्लैप और 60 नग ज्वाइंट बॉक्स शामिल थे, जिसकी कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 243/26 धारा 305 और 331(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल की टीम ने आरोपियों की तलाश तेज की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरटीओ के पीछे देवारपारा क्षेत्र में कुछ युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध जैन मरकाम उर्फ बजरंगी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जैन मरकाम उर्फ बजरंगी (20), मन्नू सोनवानी (21), शेरा नागरची (22), शिवा नागरची (18), ओमप्रकाश उर्फ कृष्णा भारती (21) और गोपी नेताम (30) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से मन्नू सोनवानी पहले आर्म्स एक्ट और लूट के मामलों में जेल जा चुका है, जबकि ओमप्रकाश भारती का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह गिरोह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं है।

https://jantaserishta.com/local/chhattisgarh/theft-case-solved-in-raipur-6-thieves-arrested-for-breaking-into-warehouse-and-stealing-4682331

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button