भारत

बलरामपुर में मौसम ने ली करवट, गरज-चमक के साथ जमकर बारिश,  गर्मी से राहत

ADs

बलरामपुर । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली। सुबह करीब 7 बजे आसमान में घने बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ जिले में जमकर बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही बारिश और मौसम में आई ठंडक से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया और वातावरण सुहावना हो गया।

बीते कई दिनों से जिले में तेज धूप और भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा था। गुरुवार तक जिले का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं शुक्रवार को मौसम बदलने के बाद अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यानी एक ही दिन में तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण लोगों ने राहत की सांस ली। जहां आम दिनों में सुबह होते ही तेज धूप निकल जाती थी, वहीं शुक्रवार को आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रहा और सुबह के समय हल्का अंधेरा छाया रहा।

मौसम में आए इस बदलाव से धरती की तपिश कम हुई और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। किसानों समेत आम लोगों ने भी बारिश का स्वागत किया। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button