खेल

24 घंटे भी नहीं टिका मेसी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, रोनाल्डो ने कर दिया ध्वस्त

ADs

नई दिल्ली. फुटबॉल की दुनिया में मौजूदा दौर में कौन सबसे महान है अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी या फिर पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ये बहस लगातार चलती रहती है. दोनों की अपनी फैन फॉलोइंग है और दोनों को ही दुनिया के सबसे महान फुटबॉलरों में गिना जाता है. मंगलवार, 23 जून को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप K के दूसरे मैच में रोनाल्डो ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस दौरान उन्होंने मेसी के रिकॉर्ड को तोड़ डाला.

उज़्बेकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में रोनाल्डो ने दो गोल दागकर वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में ब्रेस (एक मैच में दो गोल) करने का रिकॉर्ड बना दिया. वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिन्होंने 40 की उम्र पार करने के बाद किसी वर्ल्ड कप मैच में दो गोल किए हों. रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप एडिशन में गोल करने वाले अकेले खिलाड़ी हैं. उन्होंने उज़्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में पहला गोल छठे मिनट में किया. इसके बाद उन्होंने 39वें मिनट में एक और गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी.

23 जून 2026 को रोनाल्डो की उम्र 41 साल और 138 दिन थी और वो वर्ल्ड कप के एक मैच में दो गोल करने वाले सबसे उम्र दराज खिलाड़ी बने. उनसे पहले यह रिकॉर्ड लियोनेल मेसी के नाम था. उन्होंने इसी टूर्नामेंट में एक दिन पहले 22 जून 2026 को AT&T स्टेडियम, आर्लिंग्टन में ऑस्ट्रिया के खिलाफ ग्रुप J मैच में अर्जेंटीना के लिए दो गोल किए थे. उस समय उनकी उम्र 38 साल और 363 दिन थी. फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में एक मैच में दो गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में रोनाल्डो और मेसी के बाद कैमरून के रोजर का नंबर आता है.

1990 फीफा वर्ल्ड कप में कोलंबिया के खिलाफ 38 साल और 34 दिन की उम्र में दो गोल किए थे. उज़्बेकिस्तान के खिलाफ रोनाल्डो के इन दो गोलों की बदौलत उन्होंने पुर्तगाल के लिए वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. रोनाल्डो अब तक 24 वर्ल्ड कप मैचों में 10 गोल कर चुके हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड यूसेबियो के नाम था, जिन्होंने 1966 वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के लिए कुल नौ गोल किए थे. अगर रोनाल्डो उज़्बेकिस्तान के खिलाफ एक और गोल कर लेते तो वह वर्ल्ड कप मैच में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाते. फिलहाल यह रिकॉर्ड लियोनेल मेसी के नाम है. मेसी ने 16 जून 2026 को अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी. उनकी उम्र 38 साल और 357 दिन थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button