छत्तीसगढ़

सत बहनिया मंदिर के पास नाबालिगों का विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकू से हमला, किशोर गंभीर

ADs ADs

. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सत बहनिया मंदिर के पास नाबालिगों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। नशे के सामान के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जहां तीन नाबालिगों ने एक अन्य नाबालिग पर पहले मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम के समय सत बहनिया मंदिर के पास हुई। बताया जा रहा है कि श्याम नगर निवासी 9 से 16 वर्ष आयु के तीन नाबालिगों ने सत बहनिया मंदिर क्षेत्र में रहने वाले एक नाबालिग को घेर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी के बीच नशे के सामान के बंटवारे को लेकर पहले कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान आरोपियों में से एक ने अचानक चाकू निकाल लिया और पीड़ित किशोर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में किशोर की जांघ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक, किशोर की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमला करने वाले नाबालिगों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे के प्रचलन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button