
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को नवजोत कौर सिद्धू के 500 करोड़ वाले बयान को गलत बताया है। अमरिंदर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये दिए जाने का दावा पूरी तरह से झूठा है। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर ने पिछले दिनों यह कहकर पंजाब कांग्रेस में भूचाल ला दिया था कि पंजाब का सीएम बनने के लिए 500 करोड़ रुपये का सूटकेस चाहिए। इस बयान के बाद कांग्रेस ने नवजोत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
नवजोत कौर सिद्धू के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, “उन्होंने जो कहा वह पूरी तरह गलत है। वह (नवजोत सिंह सिद्धू और नवजोत कौर सिद्धू) अस्थिर हैं, मैंने उन्हें लंबे समय से देखा है। वह (नवजोत सिंह सिद्धू) मेरे मंत्री थे, और उन्हें दो पोर्टफोलियो देने के बावजूद, वह लगातार शिकायत करते रहे। मैंने उन्हें बिजली विभाग भी दिया, फिर भी उन्होंने इस्तीफा दे दिया और कभी जिम्मेदारी नहीं ली। उनकी फाइलें महीनों तक पेंडिंग रहीं। वह इस काम के लिए फिट नहीं थे।” उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये दिए जाने का उनका दावा पूरी तरह झूठ है।”
पार्टी से बाहर किए जाने के बाद नवजोत कौर ने नरमी दिखाते हुए कहा था कि वे और और उनके पति हमेशा पार्टी के साथ ही रहेंगे। हालांकि, कौर ने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भी तीखा हमला करते हुए उन पर पार्टी को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया। कौर ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे, और हम अपने पंजाब राज्य को जीतेंगे और इसे अपने विनम्र, प्रिय और त्याग के प्रतीक गांधी परिवार को उपहार स्वरूप देंगे। ’’ कौर ने वडिंग पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 कुशल, ईमानदार और वफादार नेता उनके संपर्क में हैं, ”जिन्हें आपने (वडिंग) कांग्रेस पार्टी से अलग कर दिया है और जो कांग्रेस टिकट के लिए योग्य विजयी उम्मीदवार हैं।”
कौर ने अपने पोस्ट में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ आप पंजाब की 70 प्रतिशत सीटों को बर्बाद करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जहां आपने पहले ही अप्रभावी लोगों को फर्जी टिकट दे दिए हैं, इसके बावजूद कांग्रेस पंजाब में जीत हासिल करेगी।’’ कौर ने वडिंग पर निशाना साधते हुए कहा, “टिकट बेचने के आरोप में आपको गुजरात से निकाल दिया गया था और आपने वहां महंगी गाड़ियां, जमीनें और मेट्रो खरीदीं। क्या आप आईटी की व्याख्या सुनने के लिए तैयार हैं? उन्होंने कहा, ‘‘आप लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ काम क्यों कर रहे हैं और उम्मीदवारों को हराकर उन्हें अन्य पार्टियों में शामिल होने के लिए मजबूर क्यों कर रहे हैं?’’




