सेवानिवृत्त शिक्षक मधुसूदन नेताम के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित

रायपुर, 10 अप्रैल 2026/शासकीय प्राथमिक शाला बतवनी तहसील नरहरपुर जिला में आज एक भावपूर्ण एवं गरिमामयी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर न केवल एक शिक्षक के सेवानिवृत्त होने का था, बल्कि उनके वर्षों के समर्पण, सेवा और विद्यार्थियों के जीवन में किए गए अमूल्य योगदान को सम्मानित करने का भी था।आदरणीय श्री मधुसूदन नेताम (सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक) के दीर्घ और अनुकरणीय सेवा काल की पूर्णता पर ग्रामवासियों एवं शाला परिवार ने मिलकर यह आयोजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्वयं श्री मधुसूदन नेताम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी श्री एमन जैन ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जनजाति आयोग के सचिव श्री पवन नेताम शामिल हुए। इसके साथ ही तहसीलदार श्री पौरस वेंताल, वरिष्ठ कृषि अधिकारी श्री दिनेश कुंजाम, बीआरसी श्री भूपेन्द्र गंगबेर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विषम परिस्थितियों में समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री नेताम ने शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का भी विकास किया, जो आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपने प्रिय गुरुजी के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। कई ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं, जब उन्होंने अपने जीवन में गुरुजी के योगदान को याद किया।यह आयोजन शासन की शिक्षा उन्नयन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की भावना को भी प्रतिबिंबित करता है, जिसमें शिक्षक की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। ऐसे सम्मान समारोह न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी निर्मित करते हैं।अंत में ग्रामवासियों एवं शाला परिवार ने श्री मधुसूदन नेताम के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।




