पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने फिर लिखी चिट्ठी : मचा सियासी हलचल


रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर की एक चिट्ठी ने एक बार फिर सत्ता और संगठन के गलियारों में हलचल मचा दी है। इस बार ननकी राम कंवर ने राज्य के मुख्य सचिव विकासशील को पत्र लिखकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता विजय कुमार भतपहरी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। पत्र सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि विजय कुमार भतपहरी ने लोक निर्माण विभाग में विभिन्न पदों पर रहते हुए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है, जिससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि शासन की छवि भी प्रभावित हुई है। उन्होंने लिखा है कि भतपहरी ने अपने चहेते ठेकेदारों को नियमों को दरकिनार कर अनुचित लाभ पहुंचाया और कमीशनखोरी के जरिए अवैध कमाई की।




