आंखें हमेशा हेल्दी रखनी हैं तो खाना शुरू कर दें ये 1 चीज, डॉक्टर बता रहीं फायदे

आंखों की सेहत पर हमारा ध्यान अक्सर तभी जाता है, जब कोई समस्या साफ तौर पर नजर आने लगती है। जब तक धुंधला ना दिखाई दे, आंखों में दर्द या चुभन ना हो, तब तक शायद ही कोई आंखों की हेल्थ पर उतना ध्यान भी देता हो। आजकल तो आंखों पर लोड ही इतना हो गया है कि इनका स्पेशल ध्यान रखने की जरूरत है। स्क्रीन टाइम बढ़ने और डाइट के ठीक ना होने की वजह से आई प्रॉब्लम भी बढ़ती जा रही हैं। आज कम उम्र में ही आंखों पर बड़ा-बड़ा चश्मा दिखना काफी नॉर्मल हो गया है। आंखों की डॉक्टर आंचल गुप्ता कहती हैं कि अगर आप अपनी डाइट सही रखते हैं, तो ओवरऑल आंखों की सेहत को इंप्रूव कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसी क्या चीजें हैं, जो आंखों के लिए बहुत फायदेमंद हो सकती हैं।



आंखों को हमेशा हेल्दी रखेगी ये ‘एक’ चीज
आंखों की डॉक्टर आंचल गुप्ता कहती हैं कि अगर कोई एक चीज जो आपकी आंखों को हमेशा हेल्दी रख सकती है, वो है ‘बीटा कैरोटीन’। दरअसल बीटा कैरोटीन एक बहुत ही पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट है, जो ज्यादातर रंग-बिरंगी सब्जियों और फलों में पाया जाता है। डॉक्टर कहती हैं कि जब आप बीटा कैरोटीन रिच फूड खाते हैं, तो ये विटामिन ए में कन्वर्ट होता है, जो आंखों की सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है।
किन फलों और सब्जियों में होता है बीटा कैरोटीन?
बीटा कैरोटीन रंग बिरंगी सब्जियों और फलों में मौजूद होता है। सब्जियां जैसे गाजर, शकरकंद, लाल और हरी शिमला मिर्च, पालक और केल; बीटा कैरोटीन का अच्छा सोर्स हैं। इसके अलावा फल जैसे आम, पपीता, तरबूज, खरबूजा और खुबानी भी बीटा कैरोटीन का अच्छा सोर्स हैं। इन्हें अपनी रेगुलर डाइट में आप कई तरह से शामिल कर सकते हैं। ये आपकी ओवरऑल आई हेल्थ का ध्यान रखेंगी।
क्या-क्या फायदा होता है?
डॉक्टर आंचल कहती हैं कि बीटा कैरोटीन को अपनी डाइट में शामिल करने से आंखों की ओवरऑल हेल्थ इंप्रूव होती है। ये आंखों को अंदर से पोषण देता है और आई साइट को अच्छा रखता है। इसके अलावा बीटा कैरोटीन नाइट ब्लाइंडनेस से बचाने और रेटीना को प्रोटेक्ट करने का काम करता है। ये ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को भी कम करता है, जिससे आंखे सेहतमंद बनी रहती हैं। उम्र बढ़ने के साथ और खराब पर्यावरण से आँखें को होने वाले नुकसान से भी ये बचाता है।