मध्य प्रदेश

बड़ा हादसा:चलती कार में आग लगी, डॉक्टर की पत्नी जिंदा जली

ADs

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे चिकित्सक की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। कार में सवार चिकित्सक और दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ाकोटा निवासी नीलेश पटेल शनिवार की सुबह अपनी पत्नी सीमा और दो अन्य लोगों के साथ सागर जा रहे थे। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। यह हादसा सागर के करीब दमोह रोड पर चना टोरिया क्षेत्र में हुआ। कार में आग लगते ही चीख-पुकार मच गई। चिकित्सक नीलेश पटेल और उनके दो अन्य सहयोगी आग की लपटों के बीच सुरक्षित कार से बाहर निकल आए, मगर चिकित्सक की पत्नी सीमा बाहर नहीं निकल पाई और कार के भीतर ही जिंदा जल गई। चिकित्सक पटेल के अनुसार, उनकी पत्नी सीमा को सीने में दर्द था और वह उनको उपचार के लिए सागर ले जा रहे थे। दो अन्य सहयोगी भी उनके साथ थे, तभी अचानक कार में आग लग गई और उनकी पत्नी जिंदा जल गई। बताया गया है कि आग लगते ही चीख पुकार शुरू हो गई। हादसा स्थल पर कुछ लोग और पुलिस जवान पहुंचे, जिन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस अग्निकांड में कार पूरी तरह जल गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतक सीमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चिकित्सक नीलेश पटेल का गढ़ाकोटा से नाता है और वह काफी समय से वहां लोगों का इलाज कर रहे हैं। चिकित्सक की पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही गढ़ाकोटा में बड़ी संख्या में लोग डॉक्टर पटेल के निवास पर शोक जताने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button