छत्तीसगढ़

जशपुर में बीमार पड़ा जंगली हाथी, देखने उमड़ी हजारों ग्रामीणों की भीड़

ADs

जशपुर । जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के नवापारा बूढ़ाडांड गांव में एक नर जंगली हाथी अचानक बीमार होकर गिर पड़ा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने हाथी को बेहोशी की हालत में देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथी के इलाज की व्यवस्था में जुट गई है।

हाथी की हालत बिगड़ी देख आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते हजारों ग्रामीण वहां जमा हो गए और हाथी लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार हाथी के स्वास्थ्य को देखते हुए पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने हाथी के पेट में संक्रमण होने की आशंका जताई है। डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन देकर उपचार शुरू कर दिया है।

वन विभाग के कर्मचारी हाथी को राहत पहुंचाने के लिए लगातार उसके शरीर पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं और उसे पानी पिलाने का प्रयास भी कर रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को हाथी के पास जाने से रोकने के लिए सतर्क किया जा रहा है।

वन विभाग के अनुसार हाथी के बेहतर इलाज के लिए सरगुजा से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके के लिए रवाना हो चुकी है। उनके पहुंचने के बाद हाथी की स्थिति का विस्तृत परीक्षण कर आगे का इलाज किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 12 दिनों से 12 हाथियों का एक दल नन्दनझरिया जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button