निर्माणाधीन अंडरब्रिज ने बढ़ाया लोगों का सिरदर्द, अब तक 7 की मौत

राजनांदगांव: स्टेशन पारा और गौरी नगर में निर्माणाधीन अंडरब्रिज ने लोगों का सिरदर्द बढ़ा दिया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि दो साल बाद भी यह पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण एजेंसी लगातार समय मांग रही है, पर निर्माण में तेजी नहीं आ पा रही है। साल 2023 मार्च तक काम पूरा करना था। दोनों अंडरब्रिज की लागत 14 करोड़ है। देरी से स्टेशनपारा, गौरीनगर, चिखली और शिक्षक नगर क्षेत्र के 50 हजार लोगों को आवाजाही में कठिनाई हो रही है। अंडरब्रिज के निर्माण के चलते फ्लाई ओवर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इस कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है।



अंडरब्रिज निर्माण को शीघ्र पूरा करने रेलवे के अधिकारियों ने ठेकेदार को फटकार भी लगाई थी। इसके कुछ दिनों बाद निर्माण में तेजी आई। इसके बाद स्थिति फिर जस की तस हो गई। रेलवे सभी रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने की कवायद कर रहा है। इसके चलते ही स्टेशनपारा और गौरीनगर में अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।
यहां के 50 हजार से अधिक लोगों को लगा था कि अंडरब्रिज बनने से उन्हें सुविधा होगी, लेकिन निर्माण कार्य में लेटलतीफी के कारण उन्हें अब परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों ही रेलवे फाटक बंद होने से खैरागढ़ ओवरब्रिज में दबाव बढ़ गया है। यहां रोजाना पल-पल में जाम लग जाता है। स्कूल-कॉलेज खुलने के बाद दबाव और बढ़ गया है, क्योंकि ज्यादातर स्कूल और कालेज इस भाग में हैं, जहां पटरीपार क्षेत्र के विद्यार्थी परीक्षा देते शहर की ओर आते हैं।
रेलवे व निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों की मानें तो यहां पटरीपार एरिया के लिए यहीं से पानी की पाइप लाइन गुजरी है। इसके अलावा अंडरब्रिज के लिए हुई खोदाई के दौरान नई पाइप लाइन बिछाने का काम भी कराया, जिससे काम में देरी हुई। हालांकि अब भी पुराने लाइन से ही पानी की सप्लाई हो रही है।
निगम प्रशासन ने आगे पानी की समस्या न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी कर ली है। खैरागढ़ रोड अंडरब्रिज में दो साल के भीतर करीब सात से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यातायात को व्यवस्थित करने यातायात पुलिस ने अस्थाई स्टॉपर लगाकर दो भागों में विभाजित कर दिया है। इसके बावजूद दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सड़क दुर्घटना के बाद चिखली में ट्रैफिक सिग्नल भी लगाया है। इसके बाद भी स्थिति जस की तस है।
स्टेशनपारा अंडरब्रिज निर्माण की अवधि मार्च 2023 थी। दो साल से ज्यादा हो गए हैं। संबंधित ठेकेदार ने पांच माह का अतिरिक्त समय मांगा है। विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश भी दिए हैं। – आरके बर्मन, स्टेशन मास्टर, राजनांदगांव।