विनोद कुमार फाइनल में0 प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. सत्येन्द्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले जारी

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. सत्येन्द्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में विनोद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिद्धार्थ श्रीवासन को 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।विनोद ने पूरे मैच के दौरान आक्रामक खेल और बेहतरीन नियंत्रण का परिचय दिया। उन्होंने शुरुआती सेट से ही बढ़त बनाकर रखी और अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया। तेज सर्विस और सटीक स्मैश के दम पर उन्होंने मुकाबला सीधे सेटों में अपने नाम किया।इससे पहले खेले गए क्वार्टर फाइनल में भी विनोद कुमार ने दमदार खेल दिखाया। उन्होंने दीपेश शर्मा को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। क्वार्टर फाइनल का मैच काफी रोमांचक रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिलीं। पहले सेट में विनोद ने 1-0 की बढ़त बनाई, लेकिन दीपेश ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट जीतकर मैच 1-1 कर दिया। इसके बाद तीसरे सेट में जबरदस्त वापसी करते हुए विनोद ने मैच 2-1 से अपने नाम कर लिया। इसके पहले हुए दूसरे क्वार्टर फाइनल में सिद्धार्थ श्रीवासन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राकेश पांडेय को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। नाकआउट दौर के अन्य मैच में दीपेश शर्मा, व राकेश पांडेय को वॉकओवर मिला। पूल बी के मैच में हितेश मेहता ने नारायण भोई को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। आज मैच के अंपायर प्रवीण निरापुरे व पुलकित यदु थे।




