खेल

ICC ने पाकिस्तान पर लिया कौन सा एक्शन…जिसके समर्थन में उतरा BCCI? बॉयकॉट विवाद पर राजीव शुक्ला का बड़ा बयान

ADs

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। यह टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही खेल की वजह से नहीं बल्कि राजनीति की वजह से चर्चा में रहा है। पहले बांग्लादेश वर्ल्ड कप से बाहर हो गया और अब पाकिस्तान ने कहा कि वो भारत के साथ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले नहीं खेलेगा। जिसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है। आईसीसी के चेतावनी को राजीव शुक्ला ने सही बताया है।

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में प्रस्तावित मुकाबले के बहिष्कार को लेकर चेतावनी देकर सही कदम उठाया है। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है। शुक्ला ने स्पष्ट किया कि आईसीसी ने खेल भावना और टूर्नामेंट के हितों को ध्यान में रखते हुए यह रुख अपनाया है।

पाकिस्तान के इस फैसले की जानकारी एक आधिकारिक सरकारी बयान के माध्यम से सामने आई, जिसे बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के कथित राजनीतिक विरोध के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश और भारत के बीच होने वाले मैच को भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।

आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को आगाह किया है कि यदि उसने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। परिषद का मानना है कि इस तरह का फैसला खेल और टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ होगा।

राजीव शुक्ला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “आईसीसी ने इस मुद्दे पर बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। इसमें खेल भावना की अहमियत को रेखांकित किया गया है। हम आईसीसी के रुख से सहमत हैं। जब तक आईसीसी से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती, बीसीसीआई की ओर से कोई अतिरिक्त बयान नहीं दिया जाएगा।”

इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर किए जाने का फैसला लिया गया। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत दौरे से इनकार कर दिया।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि दोनों ओर से खेल का राजनीतिकरण हो रहा है। मुझे नहीं लगता कि मुस्ताफिजुर का कोलकाता में खेलने का करार रद्द किया जाना चाहिए था। यह राजनीति का दुर्भाग्यपूर्ण हस्तक्षेप है।” उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश की प्रतिक्रिया अतिरंजित थी, लेकिन पाकिस्तान उसकी एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है, जिससे स्थिति और बिगड़ती जा रही है।

यदि भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच नहीं होता है, तो मेजबान प्रसारक को 200 से 250 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। भारत को वॉकओवर मिलने की स्थिति में पूरे अंक मिलेंगे, जबकि आईसीसी पीसीबी पर वित्तीय दंड भी लगा सकता है। नियमों के अनुसार, वॉकओवर के लिए टॉस के समय मैदान पर विरोधी टीम की मौजूदगी अनिवार्य होती है। इसी कारण भारतीय टीम श्रीलंका जाएगी और टॉस के समय सूर्यकुमार यादव मैदान पर मौजूद रहेंगे। यदि पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा उपस्थित नहीं होते हैं, तो मैच रेफरी भारत को वॉकओवर और दो अंक प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button