
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे में आज एक बड़ा ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज, 19 जनवरी को, देश की राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस कार्यक्रम को न केवल एक औपचारिक प्रक्रिया, बल्कि पार्टी के भीतर एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी मुख्यालय में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जिसमें लगभग सभी बीजेपी मुख्यमंत्री, राज्य इकाई के अध्यक्ष और वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद रहेंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया कि बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नवीन, जिन्हें हाल ही में बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, उनके पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व उनके नाम का समर्थन कर रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर के लक्ष्मण द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच दाखिल किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन नए बीजेपी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।नामांकन पत्रों की जांच 19 जनवरी को शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच होगी, जबकि उम्मीदवारों के पास उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच अपना नामांकन वापस लेने का विकल्प होगा।बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और विभिन्न राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों वाले एक इलेक्टोरल कॉलेज द्वारा किया जाता है। पूरी प्रक्रिया पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर की देखरेख में होती है।




