राष्ट्रीय बौध्दिक संपदा जागरूकता मिशन द्वारा छिंदवाड़ा जिला के शासकीय महाविद्यालय बिछुआ को मिला सम्मान

छिंदवाड़ा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छिंदवाड़ा जिले के शासकीय महाविद्यालय बिछुआ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के आई.पी.आर. सेल द्वारा आयोजित 6 दिवसीय राष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यशाला की सफलता के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय बौध्दिक संपदा जागरूकता मिशन द्वारा संस्थान को दिनांक 3 जनवरी 2026 को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया है। प्राचार्य डॉ.आर.पी. यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों में बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूकता लाना था। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में राजीव गांधी राष्ट्रीय बौध्दिक संपदा प्रबंधन संस्थान, नागपुर के विशेषज्ञ डॉ. भारत सूर्यवंशी एवं सहायक नियंत्रक, पेटेंट कार्यालय के श्री कुमार राजू थे। विशेषज्ञों ने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) जैसे जटिल विषयों को सरलता से समझाते हुए इनके संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।इस राष्ट्रीय कार्यशाला की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्राचार्यों, प्राध्यापकों, पीएचडी शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। बड़ी संख्या में हुई सहभागिता ने इसे एक सफल शैक्षणिक आयोजन बनाया।कार्यशाला को सफल बनाने में कार्यशाला संयोजक डॉ. मनिता कौर विरदी की मुख्य भूमिका रही। साथ ही डॉ. नसरीन अंजुम खान, डॉ. मनीषा आमटे, श्री मनीष पटेल, श्री संजय मंडराह सहित वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पूजा तिवारी, डॉ.अजीत डेहरिया, डॉ. नवीन चौरसिया, डॉ. विपिन मोखलगाय, डॉ. गौतम पाटिल, डॉ. आकाश आहिके, डॉ. विवेक तिवारी एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। प्राचार्य डॉ.यादव ने कहा कि इस तरह के सम्मान संस्थान को भविष्य में और भी बेहतर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हैं।




