रायपुर के बैजनाथपारा में देर रात घूमने वाले व्यक्तियों पर शुक्रवार को की गई DCP सेंट्रल जोन की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा रात्रिकालीन संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल जोन के सख़्त निर्देशन में लगातार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व दिवस बैजनाथपारा क्षेत्र में देर रात्रि शटर की आड़ में अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दुकानदारों एवं खरीददारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई थी, जिसके पश्चात क्षेत्र में पुलिस निगरानी और अधिक सघन कर दी गई है।इसी क्रम में दिनांक 13/02/2026 दिन शुक्रवार को थाना सिटी कोतवाली रायपुर द्वारा बैजनाथपारा इलाके में देर रात्रि संदिग्ध रूप से घूम रहे ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनके द्वारा लोक शांति भंग होने की आशंका प्रतीत हो रही थी। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली रायपुर से इस्तगासा तैयार कर विधिसम्मत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।उक्त कार्यवाही के अंतर्गत शेख रियाज (49 वर्ष), विकास निषाद (20 वर्ष), धीरज टंडन (19 वर्ष) एवं राजेश साहू (44 वर्ष) को अनावेदक बनाते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर माननीय सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।रायपुर पुलिस द्वारा स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया गया है कि रात्रिकाल में अनावश्यक रूप से घूमकर लोक शांति में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा असामाजिक गतिविधियों की आशंका पैदा करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर, त्वरित एवं सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।




