कुलदीप व बमलेश्वर क्वार्टर फाइनल में


0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता के नॉकआउट दौर में मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। शुक्रवार को खेले गए मैच में कुलदीप शुक्ला ने अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं बम्लेश्वर सोनवानी ने भी वॉकओवर के जरिए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।नॉकआउट दौर के मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच रणनीति, धैर्य और एकाग्रता देखने को मिल रही है। अंतिम दौर का महत्वपूर्ण मुकाबला कुलदीप शुक्ला और सत्येंद्र सिंह के बीच हुआ। मैच की शुरुआत संतुलित रही, जहां दोनों खिलाड़ियों ने सावधानीपूर्वक चालें चलीं। खेल के बीच में कुलदीप शुक्ला ने आक्रामक रुख अपनाते हुए बढ़त बनाई। इस दौरान सत्येंद्र सिंह ने वापसी की कोशिश की, लेकिन कुलदीप ने सटीक रणनीति के साथ स्थिति को अपने पक्ष में बनाए रखा। अंततः संयमित एंडगेम खेलते हुए उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरी ओर बमलेश्वर सोनवानी को वॉकओवर मिलने के कारण सीधे अंतिम 8 में जगह मिल गई। निर्धारित मुकाबले में उनके प्रतिद्वंद्वी के उपस्थित न हो पाने से उन्हें यह लाभ मिला। नाकआउट दौर के अन्य मैच में प्रकाश शर्मा (सीनियर) और विनय घाटगे के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ। मैच में प्रकाश शर्मा ने संयमित व सटीक चाल चलते हुए मैच अपने पक्ष में कर लिया। वहीं इसी पूल के दूसरे मैच में प्रत्युष शर्मा ने दीपक पांडेय को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रत्युष शर्मा ने अपनी सटीक चालों से दीपक पांडेय को वापसी का मौका नहीं दिया और मैच अपने नाम लिया। एक अन्य मैच में सुखनंदन बंजारे को वॉकओवर मिला। मैच के निर्णायक विजय मिश्रा, शंकर चंद्राकर, विनय घाटगे, सुखनंदन बंजारे व लक्ष्मण लेखवानी रहे। *आज के मैच*11 अप्रैल को सभी मैच दोपहर 1 बजे से खेले जाएंगे। 1. राजेंद्र निगम/अमृतेश्वर सिंह के बीच। 2. महादेव तिवारी/लक्ष्मण लेखवानी के बीच। 3. प्रकाश शर्मा(सीनियर)/शिवम दुबे के बीच। 4. सुखनंदन बंजारे/प्रत्युष शर्मा के बीच




