रेड क्रॉस सोसाइटी हेतु RADA ने कलेक्टर को सौंपा ₹1 लाख का चेक

रायपुर। सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी के लिए ₹1,00,000 की सहयोग राशि का चेक रायपुर कलेक्टर श्री गौरव कुमार को सौंपा गया।इस अवसर पर RADA के अध्यक्ष श्री रविंदर भसीन, उपाध्यक्ष श्री कैलाश खेमानी, श्री विवेक गर्ग, श्री अभिनव ऋषि तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) रायपुर श्री आशीष देवांगन उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान RADA के अध्यक्ष श्री रविंदर भसीन ने कलेक्टर श्री गौरव कुमार को संस्था द्वारा समय-समय पर किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों एवं CSR गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि RADA केवल ऑटोमोबाइल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी निरंतर निर्वहन करती रही है। हाल ही में संस्था द्वारा दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संचालित विद्यालय को एक बस प्रदान की गई थी। इसके अतिरिक्त RADA द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम, यातायात सुरक्षा से जुड़े विभिन्न आयोजन तथा अन्य अनेक सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियां लगातार संचालित की जाती रही हैं।श्री कैलाश खेमानी ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी समाज, प्रशासन अथवा किसी जरूरतमंद संस्था को सहयोग की आवश्यकता होगी तो RADA सदैव आगे बढ़कर सहयोग प्रदान करेगी।कलेक्टर श्री गौरव कुमार ने RADA के इस योगदान के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया तथा समाज सेवा के प्रति उसकी सकारात्मक सोच और निरंतर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यापारिक संस्थाओं की ऐसी सहभागिता समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही उन्होंने RADA को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।




