जनगणना 2027 में कार्यरत कर्मचारियों को विशेष अर्जित अवकाश एवं मानदेय का शीघ्र भुगतान किया जाए : छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन
रायपुर 03 जुलाई 2026छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने जनगणना संचालन निदेशक, छत्तीसगढ़ को ज्ञापन प्रेषित कर जनगणना 2027 के कार्य में संलग्न प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष अर्जित अवकाश प्रदान करने तथा लंबित मानदेय राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।फेडरेशन ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 1 मई से 30 मई 2027 तक लगभग 45 डिग्री तापमान जैसी विषम परिस्थितियों में पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन किया। अनेक कर्मचारियों ने अपने अवकाश एवं पारिवारिक समय का त्याग कर जनगणना कार्य को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।फेडरेशन ने कहा कि कर्मचारियों के इस समर्पण और अतिरिक्त कार्य को देखते हुए उन्हें विशेष अर्जित अवकाश प्रदान किया जाना न्यायोचित होगा। साथ ही, यह भी चिंता व्यक्त की गई कि शासन द्वारा मानदेय की व्यवस्था किए जाने के बावजूद आज तक अधिकांश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानदेय राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, जिससे प्रदेश के शासकीय सेवकों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।फेडरेशन ने मांग की है कि जनगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए, लंबित मानदेय राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में ऐसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में लगे कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से मानदेय एवं अन्य देय सुविधाएं उपलब्ध कराने की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने विश्वास व्यक्त किया है कि जनगणना संचालन निदेशक एवं राज्य शासन कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।
कमल वर्मा, प्रांतीय संयोजक छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन मो 9425509920



