सुशासन तिहार 2026 : किसान फ्रांसीस एक्का को मिला किसान क्रेडिट कार्ड, खेती के लिए बढ़ी सहूलियत

- बोखी शिविर में मिला केसीसी का लाभ, अब खाद-बीज की व्यवस्था होगी आसान
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 आमजन को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जशपुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन स्वीकृति आदेश तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी सहित विभिन्न सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ अपने गांव के समीप ही प्राप्त हो रहा है।
इसी क्रम में जशपुर विकासखंड के ग्राम बरगांव डूमरटोली निवासी किसान श्री फ्रांसीस एक्का को ग्राम बोखी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हें केसीसी सौंपा गया, जिससे वे खेती-किसानी के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
किसान श्री फ्रांसीस एक्का ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से अब उन्हें खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में सुविधा होगी। समय पर ऋण उपलब्ध होने से खेती की तैयारी बेहतर ढंग से की जा सकेगी और उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुंच रहा है और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुगम हुई है।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने, समस्याओं के त्वरित समाधान तथा जनकल्याणकारी सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।




