रविवि के हॉस्टल में बदहाल सुविधाओं के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन


रायपुर। रविवि के हॉस्टल में छात्रों को मिल रही बदहाल एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर NSUI द्वारा जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया गया। हाल ही में गर्ल्स हॉस्टल में महज 15 दिनों के भीतर दूसरी बार छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई थी। कमरा नंबर 18 की छत का प्लास्टर टूटकर गिरने के साथ ही इससे पहले कमरा नंबर 29 में भी ऐसी ही घटना हो चुकी थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।इसी मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के हॉस्टल पहुंचकर छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। छात्रों ने हॉस्टल में मूलभूत सुविधाओं की कमी, भवन की स्थिति एवं अन्य समस्याओं से NSUI पदाधिकारियों को अवगत कराया। NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष छात्रों की सभी समस्याओं को रखते हुए कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा और तत्काल निराकरण की मांग की।NSUI जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान ने कहा कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को सुरक्षित वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। लगातार छत का प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं गंभीर लापरवाही को दर्शाती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को हॉस्टल की समस्याओं का निराकरण एक सप्ताह के भीतर करना होगा। यदि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो NSUI छात्रहित में आगे और उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला महासचिव संस्कार पांडेय, जिला सचिव कृष्ण तमराकर, शत्रुंजय शुक्ला, वि:सा उपाध्यक्ष आशीष बाजपाई, नितिन सागर, कपिल डांडे सहित अन्य NSUI पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




