शेफाली जरीवाला के निधन से टूटी प्रियंका चोपड़ा, पोस्ट शेयर कर जताया दुख

मुंबई: ‘कांटा लगा’ गर्ल शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा झटका दिया है। 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण 27 जून की रात उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर से हर कोई सदमे में है, और सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक सभी शोक जता रहे हैं। अब इस कड़ी में ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा का नाम भी जुड़ गया है।



प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए शेफाली की एक तस्वीर शेयर कर उनके असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मैं हैरान और दुखी हूं। वह बहुत यंग थी। पराग और उनके पूरे परिवार को मेरी तरफ से संवेदनाएं।”
इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने शेफाली जरीवाला के साथ किया था काम
बता दें कि शेफाली जरीवाला और प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म मुझसे शादी करोगी में एक साथ स्क्रीन शेयर किया था। सलमान खान और अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म में शेफाली का कैमियो रोल था, लेकिन उन्होंने अपने छोटे से किरदार से भी दर्शकों का ध्यान खींचा था।