छत्तीसगढ़

रायपुर एयरपोर्ट की बड़ी उड़ान: यात्री सुविधाओं में देशभर में दूसरा स्थान

ADs

रायपुर । राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट ने यात्री सुविधाओं के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) के एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) की रैंकिंग में रायपुर एयरपोर्ट ने देश के घरेलू हवाई अड्डों में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस सूची में पुणे एयरपोर्ट पहले स्थान पर रहा, जबकि रायपुर ने कई बड़े एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया।

इस उपलब्धि के बाद रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि इस बार मध्यप्रदेश का इंदौर एयरपोर्ट नौवें स्थान पर पहुंच गया है।

5 में से मिले 4.93 अंक
नवीनतम रैंकिंग के अनुसार रायपुर एयरपोर्ट को 5 में से 4.93 अंक प्राप्त हुए हैं। पिछली तिमाही की तुलना में इस बार एयरपोर्ट के प्रदर्शन में 0.05 अंक का सुधार दर्ज किया गया है। इतना ही नहीं, रायपुर एयरपोर्ट का स्कोर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के निर्धारित एमओयू लक्ष्य से 0.23 अंक अधिक रहा।

दुनिया के टॉप-70 एयरपोर्ट्स में शामिल
बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर रायपुर एयरपोर्ट वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत करने में सफल रहा है। ACI की रैंकिंग में यह दुनिया के टॉप-70 एयरपोर्ट्स में शामिल हुआ है, जिसे एयरपोर्ट प्रबंधन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यात्रियों की राय से तय होती है रैंकिंग
एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) का एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे यात्रियों के सीधे फीडबैक पर आधारित होता है। इसमें यात्रियों से एयरपोर्ट पर मिले अनुभव के आधार पर रेटिंग ली जाती है।

सर्वे में जिन प्रमुख मानकों का मूल्यांकन किया जाता है, उनमें—
चेक-इन और सुरक्षा जांच की गति,
एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार और सहयोग,
टर्मिनल की साफ-सफाई,
खान-पान और अन्य यात्री सुविधाएं,
पार्किंग व्यवस्था,
उड़ानों से संबंधित सूचना संकेतक (Signages) जैसे पहलू शामिल होते हैं।

रायपुर एयरपोर्ट की यह उपलब्धि दर्शाती है कि यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में राजधानी का हवाई अड्डा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button