छत्तीसगढ़

रायपुर नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज में बेतहाशा वृद्धि जनता पर आर्थिक हमला :सुबोध हरितवाल

ADs

रायपुर। छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने बताया कि रायपुर नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन एवं सफाई व्यवस्था के नाम पर आम जनता पर यूजर चार्ज की भारी-भरकम बढ़ोतरी थोपना भाजपा सरकार की जनविरोधी मानसिकता का एक और प्रमाण है। महंगाई से पहले ही त्रस्त जनता की जेब पर अब नगर निगम ने सीधा डाका डालने का काम किया है।सुबोध हरितवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे की तिकड़ी रायपुर की जनता को लगातार आर्थिक बोझ के नीचे दबाने का काम कर रही है। चुनाव के समय जनता से विकास और राहत के बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार अब हर मोर्चे पर जनता से वसूली करने में लगी हुई है।500 वर्गफीट तक के छोटे मकानों का यूजर चार्ज ₹30 से बढ़ाकर ₹40 करना हो, 1000 वर्गफीट मकानों पर सालाना ₹1080 का बोझ डालना हो या छोटी दुकानों का शुल्क ₹80 से बढ़ाकर सीधे ₹180 करना — यह साफ दर्शाता है कि भाजपा सरकार गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ने पर आमादा है।सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है, जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, नालियां जाम हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, तब आखिर किस उपलब्धि के आधार पर यह यूजर चार्ज बढ़ाया गया? भाजपा सरकार और नगर निगम पहले यह बताए कि रायपुर की जनता को आखिर बेहतर सुविधा कहां मिल रही है?महापौर मीनल चौबे नगर निगम को सेवा का माध्यम बनाने के बजाय वसूली का केंद्र बना चुकी हैं। विधायक राजेश मूणत केवल बयानबाजी और राजनीतिक दिखावे में व्यस्त हैं, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार प्रदेशभर में आम जनता पर टैक्स और शुल्क बढ़ाने का रिकॉर्ड बना रही है।रायपुर की लगभग 3.60 लाख संपत्तियों पर इस बढ़ोतरी का सीधा असर पड़ेगा। यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी, असंवेदनशील और गरीब विरोधी है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है और मांग करती है कि बढ़ाए गए यूजर चार्ज को तत्काल वापस लिया जाए।यदि भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन इस जनविरोधी निर्णय को वापस नहीं लेते हैं, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button