
रायपुर, 24 मार्च: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने विधानसभा परिसर में कदम्ब का पौधरोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की अनुशासनप्रियता और उच्च संसदीय परंपराएँ पूरे भारत के लिए आदर्श हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।
राष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और मिनीमाता के योगदान को याद करते हुए उनके सामाजिक कल्याण कार्यों की सराहना की। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला और प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा की।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा छत्तीसगढ़ विधानसभा के 25 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करने और राज्य के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।