युद्ध की आहट से सहमा बाजार! टॉप-10 कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ी गिरावट; देखें सबसे ज्यादा किसे नुकसान

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। वैश्विक स्तर पर बढ़ी अनिश्चितता और ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता के बीच निवेशकों का रुख सतर्क हो गया है। जिसका असर बड़ी कंपनियों के शेयरों पर भी पड़ा है।
लगातार बिकवाली के दबाव की वजह से देश की कई दिग्गज कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई है। जिससे निवेशकों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा हैं। आइए सबकुछ विस्तार से जानते हैं।
टॉप 8 कंपनियों की वैल्यू में गिरावट
पिछले हफ्ते बाजार में बनी कमजोरी का असर देश की शीर्ष कंपनियों पर भी देखने को मिला। बीते पूरे सप्ताह की बात करें तो, देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 8 के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान इन कंपनियों की कुल बाजार पूंजीकरण में करीब 2,81,581.53 करोड़ रुपये की कमी आई। जिससे बाजार की कुल वैल्यूएशन पर भी दबाव नजर आया।
SBI को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
मार्केट कैप के हिसाब से देश की प्रमुख बैंक में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को इस अवधि में सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा। पिछले चार कारोबारी दिनों के दौरान बैंक के मार्केट कैप में 53,992.96 करोड़ रुपये की गिरावट आई। जिसके बाद इसकी कुल बाजार वैल्यू घटकर 10,55,567.27 करोड़ रुपये रह गई।
इन कंपनियों को भी हुआ नुकसान
आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप में 46,936.82 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह एचडीएफसी बैंक के मार्केट कैप में 46,552.3 करोड़ रुपये की कमी आई। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की कंपनी लार्सन ऐंड टुब्रो को 45,629.03 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं बजाज फाइनेंस के मार्केट कैप में 28,934.56 करोड़ रुपये और टीसीएस के मार्केट कैप में 28,492.44 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
दो कंपनियों की वैल्यू में बढ़त
जहां ज्यादातर दिग्गज कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट देखने को मिली, वहीं इस दौरान दो कंपनियां ऐसी भी रहीं जिनकी बाजार वैल्यू बढ़ी। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस शामिल हैं। बीते हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 14,750.39 करोड़ रुपये बढ़कर 19,01,583.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इंफोसिस का बढ़ा मार्केट कैप
वहीं आईटी कंपनी इंफोसिस की बाजार वैल्यू में 3,459.99 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और इसका मार्केट कैप बढ़कर 5,30,546.54 करोड़ रुपये के आंकड़े पर पहुंचा है।




