उद्धव सेना ने दिया- कांग्रेस मुक्त मुंबई का नारा, बोली- भाजपा की तरह दिया धोखा

बृह्नमुंबई महानगरपालिका चुनाव के कुछ दिनों पहले ही INDIA गठबंधन में दरार पड़ती नजर आ रही है। शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) ने साफ कर दिया है कि इस बार कांग्रेस मुक्त मुंबई का नारा चल रहा है। पार्टी ने कांग्रेस और वंचित बहुजन अघाड़ी के गठबंधन पर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही कांग्रेस पर पीठ पर छुरा भोंकने के आरोप लगाए हैं। 15 जनवरी को BMC समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों में चुनाव होने हैं।
शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने हमारी पीठ में छुरा भोंका है। पहले भाजपा ने भोंका और अब कांग्रेस ने भोंका है। ये महाराष्ट्र और मुंबई की जनता ने देखा है। कांग्रेस पार्टी केवल तुष्टिकरण की राजनीति करना चाहती है। जिस वंचित अघाड़ी से पूरे जीवन कांग्रेस लड़ती आई। आज उसी साथ खड़ी है और 60 से ज्यादा सीटें देकर उसे बड़ा भाई बनाना चाह रही है। जबकि, वंचित के पास उम्मीदवार नहीं है पूरी मुंबई में।’
उन्होंने कहा, ‘किसी से नाम पूछ लो कि वंचित बहुजन अघाड़ी का क्या इतिहास है, तो मुंबई की जनता बता नहीं पाएगी। लेकिन उसी वंचित अघाड़ी के साथ कांग्रेस जा रही है। यह सब बड़ा मुंबई में खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है और हमें लग रहा है कि ये सब भाजपा करा रही है। ये वंचित अघाड़ी हो या कांग्रेस हो, भाजपा की बी टीम बनकर जो काम कर रही हैं। इनका सूपड़ा 16 को साफ होगा।’
दुबे ने कहा, ‘एमवीए और INDIA गठबंधन राज्य सरकार और केंद्र सरकार के लिए बना था। यह मुंबई महानगरपालिका का चुनाव है। इस चुनाव में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे जी साथ है। जो हमारे साथ आ रहा है, उसका स्वागत है। जो हमारे साथ नहीं है, उसे महाभारत युद्ध की तरह बाणों से छलनी कर देंगे।’ उन्होंने कहा, ‘…कांग्रेस मुक्त मुंबई यही नारा चल रहा है।’




