छत्तीसगढ़

ई-मालखाना से मजबूत होगी ‘चेन ऑफ कस्टडी’, गोलबाजार थाने में हुआ शुभारंभ

ADs

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन अंतर्गत थाना गोलबाजार में आज अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित कांबले द्वारा ई-मालखाना का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि कमिश्नरेट रायपुर में ई-मालखाना की शुरुआत इससे पूर्व थाना कोतवाली से की गई थी। इस पहल के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में रखी जाने वाली जब्त संपत्तियों एवं माल-मशरूका के रखरखाव को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्री तारकेश्वर पटेल, थाना गोलबाजार प्रभारी श्री स्वराज त्रिपाठी सहित थाना के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से अपराधों एवं अन्य प्रकरणों में जब्त किए गए माल के सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही जब्त संपत्तियों की डिजिटल प्रविष्टि एवं रिकॉर्ड संधारण से उनकी “चेन ऑफ कस्टडी” स्पष्ट और सुदृढ़ बनी रहेगी। इससे किसी भी जब्त माल की स्थिति, विवरण तथा उससे संबंधित प्रकरण की जानकारी त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा न्यायालयीन प्रक्रियाओं में भी पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रोत्साहित करते हुए चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली प्रारंभ किए जाने की योजना है। यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button