प्लेसमेंट कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का समर्थन

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ द्वारा अपनी दो प्रमुख मांगों (1) संचालनालय नगरीय प्रशासन विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की भांति नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी संविदा दर पर वेतन भुगतान किए जाने तथा (2) नगरीय निकायों में 04 नए श्रम कानून लागू किए जाने—के समर्थन में दिनांक 6 एवं 7 अगस्त 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल के संबंध में आज महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष श्री प्रमोद जाधव से सौजन्य भेंट कर उन्हें मांगपत्र सौंपते हुए आंदोलन के समर्थन का आग्रह किया।इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष श्री प्रमोद जाधव ने प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की मांगों को न्यायोचित बताते हुए उनका पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाना आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों को न्याय मिल सके और उनकी सेवाओं का उचित सम्मान सुनिश्चित हो।श्री प्रमोद जाधव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव से विनम्र अनुरोध किया कि प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की उपरोक्त न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार करते हुए उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि राज्य शासन कर्मचारियों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान करते हुए उनकी न्यायसंगत मांगों को शीघ्र पूरा करेगा।




