छत्तीसगढ़

भिलाई स्टील प्लांट में कथित स्क्रैप चोरी पर सख्त हुए रिकेश सेन, केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग

ADs

भिलाई नगर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पंचम एवं अंतिम दिवस शुक्रवार को शून्यकाल के दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई स्टील प्लांट में पिछले चार दशकों से कथित रूप से जारी लोहा एवं स्क्रैप चोरी के मामले को प्रमुखता से उठाते हुए इसे राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि देश की सार्वजनिक संपत्ति को निरंतर क्षति पहुंचाने वाला संगठित अपराध है, जिसकी निष्पक्ष एवं व्यापक जांच आवश्यक है।

संगठित गिरोह की भूमिका की हो निष्पक्ष जांच
शून्यकाल में अपनी बात रखते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि वर्षों से एक संगठित गिरोह, प्लांट के कुछ अधिकारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों की कथित मिलीभगत से करोड़ों रुपये मूल्य का लोहा और स्क्रैप सुनियोजित तरीके से बाहर निकालता रहा है। 

उन्होंने कहा कि अब तक सामने आए मामलों में अधिकांशतः क्रेन ऑपरेटर, ट्रक-ट्रेलर चालक अथवा निचले स्तर के कर्मचारियों तक ही कार्रवाई सीमित रही, जबकि पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाले कथित सरगनाओं तक जांच और कानूनी कार्रवाई नहीं पहुंच सकी। इसी कारण ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया।

राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा का प्रश्न
विधायक सेन ने सदन में कहा कि भिलाई स्टील प्लांट देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक धरोहर है और वहां से होने वाली कथित चोरी राष्ट्रीय संपत्ति को प्रत्यक्ष नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उन सभी लोगों की जवाबदेही तय की जाए जो प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से इसमें संलिप्त रहे हों, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग
रिकेश सेन ने सदन में यह भी कहा कि मामले की गंभीरता और व्यापकता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराई जानी चाहिए, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके और वास्तविक जिम्मेदार व्यक्तियों तक कानूनी कार्रवाई पहुंच सके। ऐसे मामलों में केवल निचले स्तर पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे तंत्र की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

विधानसभा की कार्यवाही में दर्ज हुआ मुद्दा
शून्यकाल के दौरान उठाए गए इस विषय को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित सदन ने गंभीरता से सुना। भिलाई स्टील प्लांट में कथित करोड़ों रुपये के लोहा चोरी का यह मामला विधानसभा की कार्यवाही में दर्ज हुआ, जिससे इस विषय को राज्य की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था में औपचारिक रूप से स्थान मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button