मनोरंजन

एयर होस्टेस बनना चाहती थीं गीता कपूर, बन गई फेमस कोरियोग्राफर

मुंबई: बॉलीवुड इंडस्ट्री की जानी-मानी कोरियोग्राफर गीता कपूर का जन्म 5 जुलाई 1973 को मुंबई में हुआ था। गीता कपूर आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। गीता कपूर को उनके चाहने वाले प्यार से गीता मां कहकर पुकारते हैं। आज डांस की दुनिया में उनका एक बड़ा नाम हैं। लेकिन ये सफर जितना चमकदार दिखता है, उतना ही संघर्षों से भरा भी रहा है।

ADs ADs ADs

गीता कपूर कभी भी डांसर नहीं बनना चाहती थीं। उनका सपना तो एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन कमजोर नजर की वजह से उन्हें तीन बार रिजेक्ट कर दिया गया। मजबूरी में उन्होंने डांस की राह चुनी और यहीं से उनके संघर्षों का सिलसिला शुरू हुआ। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के रूप में की, लेकिन कोरियोग्राफर बनने का सफर तब शुरू हुआ जब उनके पिता बीमार हो गए।

गीता कपूर ने घर की जिम्मेदारियां बांटने के लिए कोरियोग्राफी की, लेकिन शुरुआत में असफल रहीं। इसके बाद उन्होंने फराह खान का साथ पकड़ा और उनके साथ काम करते हुए डांस की बारीकियां सीखीं। फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिजा, साथिया, हे बेबी, तीस मार खां जैसे फिल्मों के हिट गानों को कोरियोग्राफ करके उन्होंने खुद को स्थापित कर लिया।

गीता का नाम एक्टर और मॉडल राजीव के साथ कई बार जुड़ा, लेकिन उन्होंने हर बार इन खबरों को अफवाह करार दिया। फिर भी, जब वह कई बार मांग में सिंदूर लगाए नजर आईं तो सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। उनकी सिंदूर लगी तस्वीरें वायरल हो गईं और फैंस हैरान रह गए कि क्या गीता ने चुपके से शादी कर ली है? बाद में उन्होंने खुद इन खबरों पर विराम लगाते हुए बताया कि यह सब एक शूट का हिस्सा था।

गीता कपूर की पर्सनल लाइफ हमेशा से एक रहस्य बनी रही है। उन्होंने कभी खुलकर अपने रिश्तों या शादी के बारे में बात नहीं की। हालांकि उनका अंदाज, उनका संघर्ष और उनकी लगन उन्हें इंडस्ट्री में एक प्रेरणा बना चुकी हैं। बैकग्राउंड डांसर से कोरियोग्राफी की बुलंदियों तक पहुंचना कोई आसान सफर नहीं था, लेकिन गीता कपूर ने यह कर दिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button